मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान 27 अगस्त 2026 को जनपद में महिलाओं से संबंधित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा करेंगी। साथ ही महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों को लेकर महिला जनसुनवाई भी आयोजित की जाएगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि आयोग के पत्र के अनुसार अध्यक्ष की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम विकास भवन स्थित सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित होगा। बैठक में महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा महिलाओं से संबंधित शिकायतों और उत्पीड़न के मामलों को भी सुना जाएगा। जनपद की ऐसी महिलाएं, जिन्हें किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत है, वे अपने प्रार्थना पत्र के साथ निर्धारित समय पर महिला जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी समस्या अध्यक्ष के समक्ष रख सकती हैं। संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर जनसुनवाई में पहुंचें और इस अवसर का लाभ उठाएं।























































