औरैया जिले में पुलिस ने खेत में दबे खजाने का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना अयाना के सेंगनपुर गांव के पूर्व प्रधान इमरान खान ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें गांव के एक खेत में बंजारों के पुराने सोने के खजाने की मौजूदगी की बात कही। खजाना निकालने में मदद के नाम पर उन्होंने 24.50 लाख रुपये ठगों को दे दिए। बाद में जब सच्चाई सामने आई, तो पता चला कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना अयाना और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुरादगंज-अयाना रोड पर निर्माणाधीन बालाजी मंदिर के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार, राजेश उर्फ मामा, सुदामा नाथ उर्फ बाबा, शिवपाल सिंह और हिमांशु के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। वे भोले-भाले लोगों को पुराने खंडहरों और टीलों में छिपे खजाने का लालच देते थे।
गिरोह नकली सोने के सिक्के दिखाकर लोगों का विश्वास जीतता था और पूजा-पाठ कराने के बहाने बड़ी रकम ऐंठ लेता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल किए गए कूटरचित दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया है।
फिलहाल थाना अयाना में मामले की कानूनी कार्रवाई जारी है, और पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।















