मुजफ्फरनगर में 156 घंटे का विशेष स्वच्छता अभियान शुरू, पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने की श्रमदान से पहल

मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर ने विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की। गुरुवार सुबह इस अभियान का शुभारंभ कमला नेहरू वाटिका, मेरठ रोड से किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह, शहर के कई सभासदों और कर्मचारियों के साथ हाथ में झाड़ू उठाकर श्रमदान किया। इस मौके पर उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता के महत्व को समझाने और सफाई के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।पालिकाध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी या पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने स्वयं सफाई कर लोगों को प्रेरित किया कि सभी लोग अपने घर, गली और मोहल्ले को साफ रखने में आगे आएं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत अभियान ने पूरे देश में नई चेतना जगाई है और नगर पालिका परिषद भी उसी संकल्प के साथ मुजफ्फरनगर को स्वच्छ, सुंदर और गारबेज फ्री सिटी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अभियान के तहत शुक्रवार सुबह से पूरे शहर में 156 घंटे तक लगातार सफाई कार्य चलाया जाएगा। नगर पालिका प्रशासन ने सभी 55 वार्डों में विशेष टीमें गठित की हैं। इन टीमों की निगरानी अधिशासी अधिकारी और संबंधित वार्डों के सभासद करेंगे। विशेष रूप से उन स्थलों की पहचान की गई है, जहां अनाधिकृत रूप से कूड़ा डाला जाता है। इन गारबेज प्वाइंट्स को खत्म करने और उनका सौंदर्यकरण करने की योजना बनाई गई है।पालिका अध्यक्ष ने सामाजिक संगठनों, स्कूलों और स्थानीय नागरिकों से इस अभियान में भागीदारी की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक लोग सफाई के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता दिखा सकें। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सफाई अभियान नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता की एक महत्वपूर्ण मुहिम है। नागरिकों से अपील की गई कि वे खुले में कूड़ा न फेंके और नगर पालिका द्वारा लगाए गए डस्टबिन का उपयोग करें।

उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता का सहयोग इस अभियान की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। 156 घंटे का यह विशेष सफाई अभियान शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। इस अवसर पर ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह, सभासद अमित पटपटिया, सभासद पति ललित कुमार, सुन्दर सिंह, पूर्व सभासद आशुतोष गुप्ता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, सीएसएफआई योगेश गोलियान, लिपिक एसबीएम रूचि शर्मा सहित कई कर्मचारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts