खतौली के लेगेंड्स पूल क्लब में आयोजित तीसरे विंटर सीजन स्नूकर टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। 5 दिनों तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट में खतौली के काजियान मोहल्ले के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। मोहम्मद साहिल ने मात्र 13 वर्ष की अल्पायु में अपने से बड़े और अनुभवी खिलाड़ियों को मात देकर चौथी बार इस खिताब को अपने नाम किया, जो खेल जगत में एक मिसाल है।
फाइनल मुकाबले में साहिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं, इसी मोहल्ले के मोहम्मद अफान ने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता साहिल को 3,000 रुपये और उपविजेता अफान को 2,000 रुपये के नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट में समीर अंसारी को ‘बेस्ट प्लेयर’ के खिताब से नवाजा गया। इसके साथ ही रुशान जमाल, अकदस मिर्जा और बाबर मिर्जा को उभरते हुए खिलाड़ी के रूप में विशेष प्रोत्साहन मिला।क्लब के मालिक और टूर्नामेंट के आयोजक फिरोज मिर्जा ने बताया कि इस 5 दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 13 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहाँ ‘राउंड रॉबिन’ आधार पर सभी ने एक-दूसरे के खिलाफ मैच खेले। उन्होंने कहा, “इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को उजागर करना और छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करना है। हम भविष्य में भी ऐसे टूर्नामेंट्स का आयोजन निरंतर करते रहेंगे।















