मुजफ्फरनगर। आगामी 12 सितंबर 2026, द्वितीय शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से न्यायिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिक से अधिक लंबित मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं अपर जिला जज/फास्ट ट्रैक कोर्ट संख्या-03 रवि कुमार दिवाकर की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर के साथ न्यायालय बुढ़ाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली तथा कलक्ट्रेट परिसर में किया जाएगा।
लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामले, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, बिजली-पानी एवं टेलीफोन बिल, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व वाद और सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में न्यायिक अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने और पात्र मामलों को अधिक से अधिक संख्या में चिन्हित कर निस्तारित कराने पर जोर दिया। इस दौरान जिले के अन्य न्यायिक अधिकारी भी मौजूद रहे।























































