मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरगढ़ के पास सोमवार को एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और इसमें सवार 10 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। ट्रैक्टर-ट्रॉली मुजफ्फरनगर के ग्राम पिनना से शामली जनपद के चौसाना में आयोजित भात समारोह में शामिल होने के लिए जा रही थी। हादसे का कारण ट्रॉली का हुक अचानक निकल जाना बताया गया है। ट्रैक्टर को बिजेंद्र पुत्र महावीर चला रहा था।हादसे में घायल महिलाओं में कविता पत्नी सुनील, रेखा पत्नी अंकित कुमार, कविता पत्नी ऋषिपाल, शिवानी पत्नी रंजीत, सुधा पत्नी बिजेंद्र, सोनिया पत्नी अमित, बाला पत्नी सतपाल, नेहा पत्नी योगेश, ललतेश पत्नी सचिन और पारूल पत्नी संदीप शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही चरथावल थाना प्रभारी जसवीर सिंह और हिंडन चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चरथावल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।गंभीर रूप से घायल कविता पत्नी ऋषिपाल और शिवानी पत्नी रंजीत को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि अन्य सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद तुरंत मदद पहुंचाई और घायलों को अस्पताल भेजने में सहयोग किया।















