10 राज्य, 193 जिले…17 सितंबर से बीजेपी की सेवा संकल्प बाइक यात्रा.

बीजेपी का ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में चलाया जाएगा. ‘वडनगर से वाराणसी’ और ‘वाराणसी से वडनगर’ सेवा संकल्प बाइक यात्रा का 17 सितंबर को शुभारंभ होगा. सुबह 9:30 बजे वडनगर और वाराणसी से एक साथ यात्रा रवाना होगी. वडनगर से यात्रा को गृहमंत्री अमित शाह और CM भूपेंद्र पटेल समेत बीजेपी के वरिष्ठ नेता हरी झंडी दिखाएंगे. वहीं, वाराणसी में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी आदित्यनाथ समेत कई नेता मौजूद रहेंगे, जो यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे.यह बाइक यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और करीब 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी और इस दौरान कार्यकर्ता करीब 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेंगे. इस यात्रा में देशभर से करीब 1 हजार युवा शामिल होंगे. यात्रा के दौरान स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत, प्लास्टिक मुक्त भारत और जल संरक्षण जैसे अभियान चलाए जाएंगे और हर दिन 25 पेड़ों के पालन-पोषण का संकल्प लिया जाएगा. इसके अलावा यात्रा के दौरान लाभार्थियों, युवाओं और महिला सशक्तिकरण योजनाओं से जुड़ी महिलाओं से संवाद होगा.

16 सितंबर तक वडनगर पहुंचेंगी उपयात्राएं

गुजरात में 13 सितंबर से चार जोन की उपयात्राएं वडनगर के लिए रवाना हुईं थीं. सोमनाथ, श्यामलाजी, पावागढ़ और उंनई माताजी से निकली उपयात्राएं 16 सितंबर तक वडनगर पहुंचेंगी. गुजरात के विभिन्न जलस्रोतों का जल इकट्ठा कर वडनगर में हाटकेश्वर महादेव और वाराणसी में काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा. इस यात्रा का अंत 7 अक्टूबर को होगा. दरअसल, इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं को सेवा, समाज और राष्ट्रनिर्माण से जोड़ना है.

17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन

मुंबई में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जन भागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के दृष्टिकोण में योगदान देना है. उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, जबकि इस साल अक्टूबर में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके 25 साल पूरे हो रहे हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के तहत शुरू की गई विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक पहलों पर भी प्रकाश डाला.वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया जा रहा यह अभियान सेवा, सुशासन और गरीबों के कल्याण पर केंद्रित होगा. साथ ही सरकार की योजनाओं और नीतियों को जमीनी स्तर पर लाभार्थियों तक पहुंचाएगा. उन्होंने कहा कि शाम 7 बजे लोग पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और देश की सेवा में दीर्घायु की कामना करते हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts