मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना तहसील क्षेत्र के गांव हबीबपुर में जमीयत उलेमा-ए-हिंद शाखा बुढ़ाना ने जरूरतमंद दिव्यांग दंपत्ति की मदद के लिए मकान निर्माण कार्य शुरू कराया है। गांव में याकूब और उनकी पत्नी दोनों शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं और बेहद जर्जर मकान में रहने को मजबूर थे। मकान की हालत खराब होने के कारण उसके कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ था। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जमीयत के पदाधिकारियों ने नया मकान बनवाने का निर्णय लिया। इसी क्रम में प्रतिनिधिमंडल 20 कट्टे सीमेंट, एक हजार ईंटें, रेत, बजरी सहित अन्य निर्माण सामग्री लेकर हबीबपुर पहुंचा और निर्माण कार्य आगे बढ़ाया। इससे पहले भी परिवार को दो हजार ईंटें, चारपाई, बिस्तर और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा चुका है।
जमीयत पदाधिकारियों ने कहा कि बेसहारा और जरूरतमंद परिवारों की मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी है। इस सेवा कार्य की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए जमीयत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए दुआ की। इस अवसर पर मुफ्ती आस मोहम्मद कासमी, हाफिज अय्यूब त्यागी, हाफिज सज्जाद, अब्दुल गफ्फार सैफी, इनाम मेहर कुरैशी, तनवीर कुरैशी, हाफिज निजामुद्दीन और शहजाद असगर कुरैशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।























































