स्टेडियम में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर मंत्री कपिल देव ने दिए निर्देश.

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री एवं मुजफ्फरनगर सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में निर्माणाधीन एवं जीर्णोद्धार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं और खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में स्टेडियम में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड, इकाई सहारनपुर द्वारा करीब 8.15 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित भारोत्तोलन हॉल, वॉलीबॉल कोर्ट और बैडमिंटन हॉल का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। इसके अलावा करीब 12.56 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का निर्माण भी जारी है।

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (REC) की टीम और थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट (TPQA) टीम द्वारा भी निरीक्षण किया जा रहा है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और गुणवत्ता के साथ कार्यों में तेजी लाई जाए।

कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुजफ्फरनगर में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और उचित मंच उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। सरकार खेल सुविधाओं के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts