मुजफ्फरनगर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में वैदिक पुत्री इंटर कॉलेज, नई मंडी में आयोजित पांच दिवसीय ‘तृतीय सोपान’ प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का भव्य समारोह और कैंप फायर के साथ समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक (अपराध) इंदु सिद्धार्थ रहीं, जबकि अध्यक्षता प्रादेशिक सहायक संगठन आयुक्त अमित कुमार ने की। मुख्य अतिथि इंदु सिद्धार्थ ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउटिंग-गाइडिंग के माध्यम से उनमें आत्मनिर्भरता, अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण का जीवन में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्ष अमित कुमार ने गाइड्स को अनुशासन का महत्व समझाते हुए आगामी राज्य पुरस्कार जांच शिविर की तैयारी करने का आह्वान किया। पांच दिवसीय शिविर में प्रतिभागियों को पायनियरिंग, गांठ एवं बंधन, प्राथमिक चिकित्सा, स्ट्रेचर निर्माण, कंपास एवं मैपिंग से दिशा ज्ञान, सिग्नलिंग, हाइकिंग, बिना बर्तनों के भोजन पकाने, टेंट पिचिंग और आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रतिदिन सर्वधर्म प्रार्थना और कैंप फायर में बालिकाओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टोलियों और प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला आयुक्त स्काउट एआर संतोष वर्मा, जिला स्काउट कमिश्नर विजय शर्मा, जिला गाइड कमिश्नर डॉ. राजेश कुमारी, जिला सचिव अनिल कुमार कौशिक, जिला कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा, डॉ. चंद्रमोहन शर्मा, किरण देवी, भारत भूषण अरोड़ा, प्रभा दहिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भारत भूषण अरोड़ा ने किया और राष्ट्रगान के साथ शिविर का विधिवत समापन हुआ।
























































