मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना में सेवा संकल्प अभियान के तहत संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बुढ़ाना तथा दयानन्द चौक पर संस्कृति विभाग के कलाकार अंकित कुमार के नेतृत्व में कलाकारों की टोली ने सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को विभिन्न कल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी दी।
कलाकारों ने खाद्य तथा रसद विभाग से संबंधित योजनाओं और सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना सहित देशहित में किए गए विभिन्न कार्यों को भी नाटक के माध्यम से दर्शाया गया। इसके साथ ही सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी कलाकारों ने प्रस्तुति दी।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा सरकार द्वारा देशहित में किए गए कार्यों की जानकारी दी गई। कलाकारों ने संवाद, अभिनय और सांस्कृतिक प्रस्तुति के जरिए योजनाओं के उद्देश्य और उनसे मिलने वाले लाभों को समझाया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुतियों को सराहा। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम को योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटकों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।















