बरेली: हाल ही में यूपी सरकार ने 9 जिलों के पुलिस कप्तान बदल दिए थे। इनमें संभल के एसपी रहे केके बिश्नोई का भी नाम है। उनको अब बिजनौर में एसएसपी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार को संभल में आयोजित अपने विदाई समारोह में आईपीएस केके बिश्नोई अपने अनुभव याद करते हुए भावुक हो गए। उनके बगल में बैठे डीएम अंकित खंडेलवाल के भी आंसू निकल आए। केके बिश्नोई की विदाई पर उनकी पत्नी आईपीएस अंशिका वर्मा ने इंस्टाग्राम पर खास मैसेज दिया है।अपनी इंस्टा स्टोरी में अंशिका वर्मा ने लिखा है- मुझे हमेशा से आप पर गर्व है। आपको अगले एसाइनमेंट के लिए बहुत सारी शुभकामनाएं। इस मैसेज के साथ अंशिका ने अपनी और पति की हंसती हुई तस्वीर भी लगाई है। गौरतलब है कि अंशिका वर्मा इस समय बरेली में एसपी साउथ पद पर तैनात हैं। 29 मार्च, 2026 में उनकी केके बिश्नोई के साथ राजस्थान में आयोजित भव्य समारोह में शादी हुई थी।
गोरखपुर में हुई थी दोनों आईपीएस की मुलाकात
अंशिका और केके बिश्नोई की पहली मुलाकात गोरखपुर में तैनाती के दौरान हुई थी। केके बिश्नोई वहां एसपी सिटी पद पर तैनात थे और अंशिका वर्मा एएसपी थीं। संभल हिंसा पर साहसिक कार्रवाई करने वाले केके बिश्नोई को 2025 में मुख्यमंत्री मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका है।
30 लाख का पैकज छोड़कर बने आईएएस
केके बिश्नोई आईपीएस बनने से पहले संयुक्त राष्ट्र में 30 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर नौकरी कर रहे थे जिसे छोड़कर उन्होंने देश सेवा का रास्ता चुना। बिश्नोई फ्रांस सरकार की स्कॉलरशिप पर पेरिस स्कूल ऑफ इंटरनेशल अफेयर से अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा में मास्टर डिग्री हासिल की है।
संभल हिंसा के दौरान लिए कड़े फैसले
गौरतलब है कि 24 नवंबर, 2024 को हुई संभल हिंसा के दौरान आईपीएस केके बिश्नोई ने आरोपियों पर सख्त फैसले लिए थे। उन्होंने हिंसा के फरार आरोपियों के पोस्टर जामा मस्जिद की दीवारों पर लगवाए और मास्टरमाइंड शारिक साठा पर गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजा कसा।























































