मुजफ्फरनगर। आगामी ईद-ए-मिलाद, रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह और अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह ने की। बैठक में जनपद के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और पीस कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया।अधिकारियों ने सभी से अपील की कि पूर्व की तरह आगामी त्योहार भी आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं। किसी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए और जुलूस निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें। असामाजिक तत्वों या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अफवाहों पर ध्यान न देते हुए उनकी पुष्टि अधिकारियों से करने की अपील की गई।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट साझा न करने की भी हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि में शामिल न हों और प्रशासन का सहयोग करें।बैठक में नगर पालिका, विद्युत, लोक निर्माण, जलकल सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्योहारों के मद्देनजर सफाई, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। झुके विद्युत पोल और नीचे लटकते तारों को ठीक कराने तथा सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने को कहा गया।धर्मगुरुओं ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस का आभार जताया। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
























































