बिहार के वैशाली में राघोपुर में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इसी बीच बिहार के सभी नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक जताया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि ये घटना बेहद दुखद है और इस मुश्किल समय में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।
राघोपुर नाव हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि ‘बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में हुई जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। पीएमएनआरएफ की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
हादसे में 13 बच्चों की मौत, एक ही परिवार के 7 बच्चे
वैशाली के राघोपुर में हुए नाव हादसे में अब तक 13 बच्चों की मौत हो चुकी है। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास ये खौफनाक हादसा हुआ। दर्दनाक बात ये है कि एक ही परिवार के 7 बच्चों की मौत हो गई है। रामपुर श्यामचंद गांव के रामप्रवेश राय उर्फ राजा के परिवार के 7 बच्चे इस हादसे का शिकार हुए है। आक्रोशित लोगों ने डीएम का मौके पर जमकर विरोध किया और नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि नाव पुरानी और जर्जर थी जिसे बदलने के लिए ग्रामीणों ने बार-बार आवेदन दिया लेकिन नाव नहीं बदली गई। इसीका नतीजा ये हुआ कि 13 बच्चे बेमौत काल के गाल में समा गए।
उपराष्ट्रपति ने भी जताया शोक
भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी वैशाली में हुई घटना पर दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी में नाव पलटने की घटना में हुई जानमाल की क्षति से मुझे गहरा दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति और साहस प्रदान करें। मेरी प्रार्थनाएं इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं उन लोगों की सुरक्षा के लिए भी प्रार्थना करता हूं जो अभी लापता हैं।
सीएम सम्राट चौधरी ने भी जताया दुख
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में मासूमों की मौत का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। साथ ही प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।उनके संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत राघोपुर दियारा में नाव हादसे में कई लोगों, विशेषकर मासूम बच्चों की मौत की खबर बेहद पीड़ादायक है। चिराग पासवान ने कहा कि उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाई जाए, घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।















