विकसित भारत के विजन पर युवाओं ने पीपीटी के जरिए रखे विचार,

मुजफ्फरनगर। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत राष्ट्रीय युवा उत्सव (NYF) एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 के तहत जनपद स्तरीय चैलेंज ट्रैक पीपीटी राउंड का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित चौधरी चरण सिंह सभागार में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विकसित भारत के निर्माण, देश के भविष्य और युवा नेतृत्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी प्रतिभा और विचारों का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने अपने संबोधन में युवाओं को आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी प्रतिभा एवं सकारात्मक सोच से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। विशिष्ट अतिथि के रूप में सनातन धर्म महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. प्रीतम सिंह उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र यादव, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आशीष द्विवेदी, सनातन धर्म महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. पायल चौधरी तथा डीएवी महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. किरण पाल सिंह ने निभाई। प्रतियोगिता की ज्यूरी के अध्यक्ष मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार रहे।

प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष छह प्रतिभागियों का चयन अगले चरण के लिए किया गया। इनमें प्रथम स्थान पर अनुराग शर्मा, द्वितीय अदिती आर्या, तृतीय सुकैना, चतुर्थ यशवी, पांचवें स्थान पर कहकशा तथा छठे स्थान पर अंश वत्स रहे। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी प्राची पंवार, कार्यक्रम प्रभारी अंकुर कुमार, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सन्नी वर्मा, अजय कुमार, अर्जुन सिंह, वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts