मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार में बुधवार को आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह ने की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि शिकायतें डिफॉल्टर होने से पहले ही उनका निस्तारण कर दिया जाए, ताकि शासन स्तर पर जिले की स्थिति खराब न हो। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों की नियमित निगरानी करने और लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक के दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने ऐसे मामलों को विशेष रूप से देखा जिनके निस्तारण की समय सीमा नजदीक है या जो लंबे समय से लंबित चल रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी अधिकारी की लापरवाही या शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने की स्थिति में जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और उन्हें शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।























































