मुजफ्फरनगर। रोहाना कलां स्टेशन के यात्रियों के लिए लंबे इंतजार के बाद राहत की खबर है। 11 सितंबर 2026 से रोहाना कलां स्टेशन पर दिल्ली हरिद्वार एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो रहा है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली और हरिद्वार के लिए सीधे रेल सफर की सुविधा मिलेगी।रोहाना कलां स्टेशन बिजनौर लोकसभा क्षेत्र की पुरकाजी विधानसभा के अंतर्गत आता है। ट्रेन के ठहराव की मांग लंबे समय से क्षेत्र के लोगों द्वारा की जा रही थी। बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने इस मुद्दे को संसद में उठाने के साथ ही रेल मंत्रालय के स्तर पर भी लगातार पैरवी की। सांसद की ओर से कई बार रेल मंत्रालय से मुलाकात कर स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग रखी गई।अब 11 सितंबर से यह मांग पूरी होने जा रही है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 14304 और दिल्ली से हरिद्वार जाने वाली ट्रेन संख्या 14303 का रोहाना कलां स्टेशन पर ठहराव होगा।ट्रेन के ठहराव से नौकरी, कारोबार, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए दिल्ली अथवा हरिद्वार आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। अब उन्हें एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशनों का रुख नहीं करना पड़ेगा।लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी है। सांसद चंदन चौहान के समर्थक और क्षेत्र के लोग इस उपलब्धि को उनकी लगातार पैरवी का परिणाम बता रहे हैं। अब देखना होगा कि नए ठहराव से रोहाना कलां स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही कितनी बढ़ती है और यह सुविधा क्षेत्र के लोगों के लिए कितनी उपयोगी साबित होती है।























































