मुजफ्फरनगर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) मुजफ्फरनगर चैप्टर ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित IIA की 35वीं वार्षिक आम सभा में मुजफ्फरनगर चैप्टर को तीन अलग-अलग श्रेणियों में द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कारों का वितरण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। एक ही वर्ष में तीन राष्ट्रीय सम्मान मिलने से मुजफ्फरनगर के औद्योगिक जगत में खुशी की लहर है।
चैप्टर चेयरमैन अमित जैन के नेतृत्व में वर्ष 2025-26 के लिए मुजफ्फरनगर चैप्टर ने सर्वश्रेष्ठ कार्यशील चैप्टर, जिला उद्योग बंधु बैठक में शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा स्टार चैप्टर मंथन बैठक श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि ये सम्मान चैप्टर की सक्रियता, एकजुटता और उद्योग हित में किए जा रहे लगातार प्रयासों का प्रमाण हैं।
विशेष रूप से जिला उद्योग बंधु बैठकों में शत-प्रतिशत उपस्थिति के माध्यम से चैप्टर ने उद्यमियों की समस्याओं को प्रशासन के सामने रखने और उनके समाधान के लिए अपनी सक्रिय भूमिका साबित की है। पदाधिकारियों ने कहा कि सम्मान से सदस्यों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। मुजफ्फरनगर का उद्योग जगत रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। IIA आगे भी औद्योगिक समस्याओं के समाधान और बेहतर सुविधाओं के लिए प्रभावी प्रयास जारी रखेगा।
वार्षिक आम सभा में देशभर से करीब 1,200 उद्यमियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले IIA चैप्टरों को सम्मानित किया गया। मुजफ्फरनगर चैप्टर से डिविजनल चेयरमैन पवन कुमार गोयल के नेतृत्व में 38 सदस्यों ने सहभागिता की। इनमें पूर्व चेयरमैन विपुल भटनागर, सेक्रेटरी राहुल मित्तल, कोषाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, राज शाह, अनमोल अग्रवाल, अमन गुप्ता सहित अनेक उद्यमी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।























































