अयोध्या के राम मंदिर में एक महिला श्रद्धालु के अनोखे दान की चर्चा हो रही है. चेन्नई से अयोध्या पहुंची महिला श्रद्धालु ने राम मंदिर के लिए जहां 10 हजार रुपये का दान दिया, वहीं मंदिर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए 4 करोड़ रुपये का चेक समर्पित किया. महिला श्रद्धालु ने साफ किया कि इस राशि का इस्तेमाल मंदिर कर्मचारियों की सुविधाओं और उनके वेतन में बढ़ोतरी के लिए किया जाए. इसके साथ ही उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर ट्रस्ट को कुछ सुझाव भी दिए हैं.
महिला श्रद्धालु ने राम मंदिर कर्मचारियों के लिए किया 4 करोड़ का दान
चेन्नई से अयोध्या पहुंची महिला श्रद्धालु एस नाग लक्ष्मी ने राम मंदिर के लिए 10 हजार रुपये का दान दिया, लेकिन मंदिर में कार्यरत कर्मचारियों के लिए चार करोड़ रुपये का चेक समर्पित किया. इतनी बड़ी राशि मंदिर निर्माण के बजाय वहां काम करने वाले कर्मचारियों के लिए दिए जाने की चर्चा राम मंदिर परिसर में भी रही. महिला श्रद्धालु ने चेक के साथ अपनी मंशा भी स्पष्ट की है.
चार करोड़ रुपये की राशि का इस्तेमाल राम मंदिर में कार्यरत कर्मचारियों की सुविधाओं और उनके वेतन में वृद्धि के लिए किया जाए. यानी महिला श्रद्धालु ने मंदिर निर्माण के बजाय मंदिर की व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों को अपनी प्राथमिकता बनाया. इसके साथ ही महिला श्रद्धालु ने मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़े कुछ सुझाव भी राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को दिए हैं.
चढ़ावा चोरी के बाद मंदिर में चढ़ावा कम आने की हो रही थी चर्चा
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना सामने आने के बाद चढ़ावे की राशि में कमी आने की चर्चा रही है. हालांकि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ चढ़ावे में भी बढ़ोतरी हुई है. ऐसे समय में चार करोड़ रुपये का यह दान खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. महिला श्रद्धालु की ओर से दिए गए सुझावों में मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर कई बिंदुओं का भी उल्लेख किया गया है.























































