रामपुर तिराहा पहुंचे हरीश रावत, शहीदों को किया नमन.

मुजफ्फरनगर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत रविवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे। नई दिल्ली से देहरादून जाते समय उन्होंने रामपुर तिराहा स्थित उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचकर शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। हरीश रावत ने शहीदों की प्रतिमाओं और स्मारक पर पुष्पचक्र चढ़ाकर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बैठक भी की और क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की।संवाददाताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत में हरीश रावत ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल में एथनॉल मिलाने और चीनी के दाम बढ़ने से सरकार को लाभ हो रहा है, जबकि एथनॉल उत्पादन के लिए गन्ना और मक्का उपलब्ध कराने वाले किसान अपेक्षित लाभ से वंचित हैं। उन्होंने मांग की कि एथनॉल से होने वाले लाभ का एक हिस्सा बोनस के रूप में गन्ना और मक्का उत्पादक किसानों के खातों में सीधे दिया जाए।पूर्व मुख्यमंत्री ने बेरोजगारी और महंगाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि देश का युवा और किसान परेशान है तथा सरकारों को जमीनी स्तर पर आम जनता और किसानों के हित में ठोस कदम उठाने चाहिए। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश पुंडीर, जिलाध्यक्ष सतपाल कटारिया, नगराध्यक्ष रंजन मित्तल, असद फारूकी, दिनेश पाल और अकिल राणा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts