मुजफ्फरनगर में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ.

मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों और किशोरियों के पोषण व स्वास्थ्य देखभाल को समर्पित 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का बुधवार को राज्य स्तर पर शुभारंभ किया गया। जनपद में विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, प्रशासक जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल और मीरापुर विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री का संबोधन देखा और सुना। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर जनपदीय कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने मानदेय बढ़ाए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया है। इसके अलावा साड़ी के लिए 500 रुपये की सहायता और कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं एवं बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। महिलाओं की सुरक्षा, आवास, शिक्षा, शौचालय, हर घर जल, उज्ज्वला योजना और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से सरकारी सेवक के रूप में निष्ठा से कार्य करने और बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

प्रशासक जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल और सुप्रिया पाल ने भी विचार रखे। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक घर-घर जाकर गर्भवती व धात्री महिलाओं, बच्चों और किशोरियों को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी दिग्विजयनाथ तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिकाएं मौजूद रहीं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts