मुजफ्फरनगर। जनपद की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने के लिए सूजडू में 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र एवं संबंधित 132 केवी लाइन के निर्माण को गति मिली है। करीब 78.82 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से सूजडू, महावीर चौक, नुमाइश कैंप, साकेत, मालवीय चौक, सर्कुलर रोड, खालापार समेत आसपास के घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने परियोजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से जिले में विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और विस्तार का काम लगातार आगे बढ़ रहा है।मंत्री के अनुसार पिछले नौ वर्षों में जनपद में विद्युत क्षेत्र से जुड़े करीब 300 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें 62.13 करोड़ रुपये की लागत से 220 केवी उपकेंद्र बढ़ाई कलां, जौली रोड और भोपा रोड उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि, न्यू शामली रोड पर 33/11 केवी उपकेंद्र तथा चार नई 33 केवी लाइनों का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के तहत नए वितरण ट्रांसफार्मर लगाने और पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने का काम किया गया। आरडीएसएस के तहत 90.85 करोड़ रुपये से 64 फीडरों पर 741 किलोमीटर पुरानी एबीसी तार बदली गई। वर्तमान बिजनेस प्लान 2026-27 में 7.88 करोड़ रुपये के 111 कार्य चल रहे हैं, जबकि 19.94 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं।कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मजबूत विद्युत ढांचा किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों और आम उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाने के साथ औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति देगा।























































