मुजफ्फरनगर में नाबालिग को ले जाने का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल,

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित आरोपी अजरू उर्फ अजरूद्दीन घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के अनुसार, नई मंडी थाना क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी की सकुशल बरामदगी और घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की थी। विवेचना के दौरान हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सुहाना सिटी थाना क्षेत्र के रामपुरा निवासी अजरू उर्फ अजरूद्दीन पुत्र दीनू उर्फ दीन मोहम्मद का नाम सामने आया। जांच के दौरान मुकदमे में बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम, एससी-एसटी अधिनियम और धर्म परिवर्तन निषेध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गईं।

पुलिस के मुताबिक, गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी टीएस मान रजवाहे के पास बैठा है और किसी अन्य वारदात की फिराक में है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। रुकने के लिए कहने पर उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने फायरिंग जारी रखी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव और थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts