मुजफ्फरनगर में ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने माल रोड पर चेकिंग के दौरान तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 72 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल, 549 नशीले इंजेक्शन और बिना नंबर की बलेनो कार बरामद की है। बरामद नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर माल रोड पर चेकिंग की गई थी, जहां संदिग्ध बलेनो कार को रोककर तलाशी लेने पर भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक निवासी तीर्थ कॉलोनी खतौली, मूल निवासी कुतुबपुर थाना छपार, कलीम निवासी बधौली थाना खरखौदा मेरठ और जुनैद निवासी लोहिया नगर मेरठ के रूप में हुई है। कार्रवाई एडीजी मेरठ जोन और डीआईजी सहारनपुर के निर्देशन तथा एसएसपी संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। इसमें एसपी सिटी अमृत जैन, एएसपी/सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा और थाना प्रभारी इन्द्रजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।























































