मुजफ्फरनगर में जल निकासी समस्या के समाधान को मिली मंजूरी,

मुजफ्फरनगर। शहर के रामपुरी-शहबुद्दीनपुर रोड से मिमलाना रोड क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जल निका की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव के प्रयासों से क्षेत्र में नाला निर्माण और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण के लिए 24 करोड़ 96 लाख 15 हजार रुपये की परियोजना को शासन से स्वीकृति मिल गई है।

परियोजना को मंजूरी दिलाने के लिए मंत्री कपिल देव ने प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरु प्रसाद से मुलाकात कर क्षेत्र की जल निकासी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी थी। उन्होंने रामपुरी, मिमलाना रोड और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव तथा गंदे पानी की निकासी की समस्या को देखते हुए नाला और एसटीपी निर्माण की आवश्यकता शासन के समक्ष रखी। इसके बाद शासन स्तर पर परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई।

स्वीकृत परियोजना की कुल लागत 2496.15 लाख रुपये है। इसमें 846.90 लाख रुपये एसटीपी प्लांट के निर्माण तथा 1649.25 लाख रुपये नाला निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। परियोजना के पूरा होने से नगर पालिका परिषद क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से विकसित करने में मदद मिलेगी।

रामपुरी, मिमलाना रोड और आसपास के इलाकों में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनती रही है। नई परियोजना से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होने के साथ जलभराव की समस्या में कमी आने की उम्मीद है। साथ ही सीवेज के बेहतर प्रबंधन से स्वच्छता और पर्यावरण व्यवस्था में भी सुधार होगा।

मंत्री कपिल देव ने कहा कि क्षेत्रवासियों से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वीकृति के बाद परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts