मुजफ्फरनगर में एमएलसी चुनाव को लेकर अधिकारियों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

मुजफ्फरनगर। जिले में चल रहे एमएलसी चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय और निर्वाचन पर्यवेक्षक राजशेखर (आईएएस) ने संयुक्त रूप से बघरा स्थित मतदान केंद्र और डीएवी इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और मतदाताओं के आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान प्रवेश और निकास मार्गों, मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने मतदान ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्कता, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ तैनात रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने, अव्यवस्था फैलाने अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी उमेश कुमार ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए। निर्वाचन पर्यवेक्षक राजशेखर ने भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर चुनाव की शुचिता बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट दीपक पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts