मुजफ्फरनगर। भोपा थाना पुलिस ने मीशो ब्रांड के कोरियर कार्यालय में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए मीशो ब्रांड के 40 पैकेट/पार्सल और वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिलनुमा रिक्शा बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, भोपा थाना क्षेत्र में रात्रि के समय मीशो ब्रांड के कोरियर कार्यालय को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया था। चोर कार्यालय से बड़ी संख्या में कोरियर पैकेट और पार्सल चोरी कर फरार हो गए थे। घटना के संबंध में थाना भोपा में मुकदमा अपराध संख्या 232/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने जांच और संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में थाना भोपा पुलिस ने अथाई रोड से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किए गए 40 मीशो पैकेट/पार्सल बरामद हुए। इसके अलावा एक मोटरसाइकिलनुमा रिक्शा भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी भोपा लक्ष्मण वर्मा और थाना प्रभारी आशुतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी की। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।























































