मानदेय वृद्धि की मांग पर अड़े संविदा स्वास्थ्य कर्मी.

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले संविदा स्वास्थ्य कर्मियों का धरना शुक्रवार को आठवें दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे कर्मचारियों का आक्रोश उस समय बढ़ गया, जब जिला महिला चिकित्सालय में धरने पर बैठे कुछ चिकित्सकों को आपातकालीन सेवाओं में ड्यूटी लगाकर वापस बुला लिया गया। इससे नाराज संविदा कर्मियों ने जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया।

धरनारत कर्मचारियों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से चेतावनी पत्र जारी किए जाने के मामले में कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रविंद्र नागर ने सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया से वार्ता की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संविदा कर्मियों के खिलाफ नियम विरुद्ध कार्रवाई की गई, तो परिषद के लगभग 12 हजार कर्मचारी उनके समर्थन में आंदोलन में शामिल होंगे। इस पर सीएमओ ने कहा कि संविदा कर्मियों की मांगें जायज हैं और उनके मानदेय में वृद्धि होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चेतावनी पत्र उच्च अधिकारियों के निर्देशों के तहत जारी किए गए हैं।

जिला अध्यक्ष डॉ. सचिन जैन ने बताया कि प्रदेश पदाधिकारियों की एनएचएम मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जावल के साथ गुरुवार रात आठ बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक वार्ता हुई। कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन कुछ बिंदुओं पर सहमति नहीं बन सकी। इसके चलते आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया। डॉ. सुदेश वर्मा ने उम्मीद जताई कि शुक्रवार रात तक सरकार की ओर से सकारात्मक घोषणा हो सकती है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने में डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. राकेश बंसल, डॉ. आलोक प्रताप, डॉ. आमिर, डॉ. भावना, डॉ. अंजू, सबीना नाज, अतुल भारद्वाज, नुसरत, डिंपल, वैशाली, रचना शर्मा सहित सैकड़ों संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts