अभिनेत्री भाग्यश्री को लगता है कि हिमाचल प्रदेश की यात्रा उन्हें फिर से ऊर्जा से भर देती है और नई शुरुआत के लिए तैयार करती है. उन्होंने हाल ही में अपनी शिमला यात्रा की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर की हैं. ‘मैंने प्यार किया’ फेम इस एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर अपनी हिमाचल यात्रा की तस्वीरें पोस्ट कीं. इन तस्वीरों में उनकी यात्रा के अनुभव और नई जगहों को खोजने का उनका प्यार साफ दिखा.भाग्यश्री ने बताया कि उनका काम उन्हें ऐसी यात्राओं और नए अनुभवों का मौका देता है. उन्होंने कहा कि वह हर पल का पूरा फायदा उठाती हैं, चाहे वह प्रकृति को देखना हो, स्थानीय खाने का स्वाद लेना हो, लोगों से मिलना हो या मंदिरों में दर्शन करना हो.
एक्ट्रेस भाग्यश्री की पोस्ट
भाग्यश्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, “धूप और नई शुरुआत. मेरा काम मुझे यात्राओं और नए अनुभवों से नवाजता है. प्रकृति, भोजन, लोग और दर्शन. कभी कभी मैं 24 घंटे में ही सब कुछ समेटने की कोशिश करती हूं… एक बच्चे की तरह जो कुछ भी छोड़ना नहीं चाहता, एक बड़े की तरह जो समय को फिसलते हुए देखता है.. मुझे नहीं पता कि इनमें से कौन मुझे आगे बढ़ाता है.”
उन्होंने इस पर भी गौर किया कि हर अनुभव जिंदगी में कुछ जोड़ता है. भाग्यश्री ने कहा कि वह अपनी यात्राओं के जरिए ऐसी यादें जमा करती रहती हैं. उनके मुताबिक, हिमाचल एक ऐसी खूबसूरत जगह है जो उनमें नई जान फूंक देती है और जहां वह तरोताजा होने के लिए बार बार जाना पसंद करती हैं. उन्होंने जोड़ा, “कहा जाता है कि जिंदगी आपके सभी अनुभवों का जोड़ है… और मैं इसी को गिन रही हूं. हिमाचल उन रमणीय, सुंदर स्थानों में से एक है जो आपमें जान फूंक देता है… और इंसान ऊर्जावान होने के लिए बार बार वहां जाता है.”
हिमाचल में नई फिल्म की शूटिंग
भाग्यश्री ने अपनी यात्रा से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किए. इनमें वह पराठे का आनंद लेती, खूबसूरत नजारों के सामने पोज देती और हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता में खोई हुई नजर आईं. उन्होंने अपनी शूटिंग के दौरान के कुछ पल भी साझा किए, जिसमें वह एक सीन फिल्माती दिख रही थीं.
भाग्यश्री इन दिनों एक अनाम हिंदी फिल्म की शूटिंग कर रही हैं, जिसे इंदरनील निर्देशित कर रहे हैं और इसमें उनके साथ जिमी शेरगिल भी हैं. इस फिल्म की शूटिंग हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर के आखिर में शुरू हुई थी। मनाली, रामगढ़, सिस्सू, केलांग और नग्गर जैसी जगहों पर इसके सीन फिल्माए जा रहे हैं.















