बांदा। जिले में मंदिरों में चोरी की घटनाओं से हड़कंप मचा था, लेकिन पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के सख्त निर्देश पर चिल्ला पुलिस ने ऐसा कमाल कर दिखाया कि चोर भी हक्का-बक्का रह गया। सूचना के महज 12 घंटे के भीतर मंदिरों से घंटे चुराने वाले शातिर चोर को धर दबोचा गया। 01 नवंबर को थाना चिल्ला क्षेत्र के बरेठीकला निवासी लल्ला ने तहरीर दी थी कि 31 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर गांव के 2 मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी कर ले गए हैं। तहरीर पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर एसपी बांदा के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना पर ग्राम पलरा मोड़ के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
अभियुक्त ने बताया कि उसने ग्राम बरेठीकला के बाहर स्थित गजानन माता मंदिर एवं बहोरन बाबा मंदिर, ग्राम पदारथपुर स्थित शंकर जी मंदिर और कुछ दिन पूर्व थाना बिसंडा क्षेत्र के ग्राम कोनी स्थित भैरव बाबा मंदिर से घंटों की चोरी की थी।अभियुक्त के पास से 136 पीतल के घंटे (छोटे-बड़े) 130 जंजीरें, 29 टूटे हुए ताले,प्लास, छेनी, हथौड़ा जैसे चोरी में प्रयुक्त उपकरण, 01 मोटरसाइकिल घटना में प्रयुक्त बरामद की गई है।गिरफ्तार अभियुक्त भूरा पुत्र श्रीपाल निवासी नांदादेव, थाना जसपुरा, जनपद बांदा का निवासी हैं। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।















