मिडिल ईस्ट में चल रहा तनाव अभी तक खत्म नहीं हो पाया है. इस बीच ब्रिटेन को रूस से युद्ध का डर सता रहा है. हालांकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस संभावना से इनकार कर चुके हैं.इसके बावजूद ब्रिटेन ने अपने नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया है और 72 घंटों के लिए पर्याप्त राशन रखने के लिए कहना है. इतना ही नहीं, यूनाइटेड किंगडम की सरकार ने नागरिकों से रेडियो और बैटरी जैसी जरूरी चीजें भी रखने के लिए कहा है.
दरअसल यूके के रक्षा सचिव वेस स्ट्रीटिंग ने रूस का बिना नाम लिए साइबर-अटैक और स्टेट स्पॉन्सर टेरर अटैक के चलते अलर्ट जारी किया है. वेस के मुताबिक, साइबर अटैक से इंग्लैंड की सप्लाई चेन बाधित हो सकती है या जंगलों में आग लग सकती है. इसके अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला भी हो सकता है, इसलिए 72 घंटों को स्टॉकपाइल जरूरी है.
नौ लीटर पानी और खाने का स्टॉक
यह बयान ऐसे समय में आया है जब एक गंभीर PHP सुरक्षा खामी के कारण एहतियात के तौर पर ब्रिटेन की 32 सरकारी वेबसाइटों को ऑफलाइन कर दिया गया है. ब्रिटेन सरकार हर घर से 72 घंटों के लिए पर्याप्त आपूर्ति का भंडार करने का आग्रह कर रही है, जिसमें प्रति व्यक्ति नौ लीटर बोतलबंद पानी, भोजन, नकदी, कंबल, प्राथमिक चिकित्सा किट, बैटरी और यहां तक कि एक चाभी वाला रेडियो भी शामिल है.
पुतिन ने युद्ध की संभावना को कर दिया था खारिज
इससे ठीक एक दिन पहले, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस के साथ भविष्य के युद्ध के बारे में यूरोप की चेतावनियों को राजनीतिक सिजोफ्रेनिया बताते हुए खारिज कर दिया था और कहा था कि रूस यूरोपीय देशों के साथ युद्ध नहीं चाहता. पुतिन ने युद्ध की संभावना को खारिज कर दिया था. हालांकि इसके बावजूद ब्रिटेन को उससे युद्ध का डर सता रहा है.















