बुढ़ाना में 218 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुढ़ाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 218 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और प्रभारी निरीक्षक थाना बुढ़ाना सुभाष बाबू अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला एक आरोपी बसी तिराहे के पास मौजूद है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची और बसी तिराहे से कस्बा बुढ़ाना की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित समाधि के पास दबिश दी। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 218 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा उसके पास से स्मैक की तौल के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी मिला।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामान को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना बुढ़ाना पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और उसके नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts