शामली। कोतवाली शामली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक अवैध देसी पिस्टल, 32 बोर के 16 कारतूस और बिना नंबर प्लेट की यामाहा R15 बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 25 और 26 अक्टूबर की मध्यरात्रि को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कोतवाली पुलिस ने हाजी कॉलोनी में सरवर पीर के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल और 32 बोर के 16 कारतूस बरामद हुए। पुलिस को मौके से बिना नंबर प्लेट की R15 मोटरसाइकिल भी मिली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नदीम पुत्र नसीम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम हबीबगढ़, थाना कुतुबशेर, जनपद सहारनपुर का निवासी है। वर्तमान में वह मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना कस्बे में रह रहा था।















