मुजफ्फरनगर।मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव घासीपुरा निवासी चौधरी इस्तकार ने अपने भाई और भतीजे पर करीब आठ लाख रुपये का भुगतान रोकने तथा हिसाब मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में इस्तकार ने बताया कि वह फैब्रिकेशन की ठेकेदारी का काम करता है। उसके साथ उसका भाई चौधरी गुलबहार और भतीजा इमरान साझेदारी में काम करते हैं। वर्तमान में चल रहा ठेका इमरान के नाम से बताया गया है।
आरोप है कि दोनों पिता-पुत्र ने मिलकर उसका करीब आठ लाख रुपये का भुगतान रोक रखा है और बार-बार हिसाब मांगने के बावजूद रकम नहीं दे रहे हैं। इस्तकार का कहना है कि हिसाब की बात करने पर दोनों उसके साथ अभद्रता करते हुए धमकी देते हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका करीब तीन लाख रुपये का टीडीएस और डिपॉजिट भी उसे मिलना चाहिए। उसने पूर्व में भी हिसाब-किताब में धोखा किए जाने का आरोप लगाया है। इस्तकार ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करते हुए अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद गुलबहार ने उसके पिता के मोबाइल नंबर पर भी संपर्क किया।






















































