पीएम-सेतु उद्योग सम्मेलन में कौशल विकास और रोजगार पर जोर.

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश में कौशल विकास, औद्योगिक जरूरतों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को जोड़ने के उद्देश्य से  लखनऊ के ताज पैलेस, विभूति खंड, गोमती नगर में पीएम-सेतु उद्योग सम्मेलन-उत्तर प्रदेश सहभागिता का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कौशल विकास, उद्योग और रोजगार के बीच मजबूत साझेदारी विकसित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह, केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जयंत चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल सहित उद्योग जगत और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ कुशल मानव संसाधन विकसित करना समय की आवश्यकता है। भारत को वैश्विक विनिर्माण और तकनीकी महाशक्ति बनाने में प्रशिक्षित युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि पीएम-सेतु के तहत आईटीआई में आधुनिक सुविधाएं, प्रयोगशालाएं, डिजिटल शिक्षण व्यवस्था और नवीनतम पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। योजना की सफलता का आकलन केवल मशीनों की स्थापना से नहीं, बल्कि रोजगार के अवसरों के सृजन से होना चाहिए।

जयंत चौधरी ने कहा कि पीएम-सेतु सरकार, उद्योग और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच नई साझेदारी का मॉडल है। प्रशिक्षण को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के साथ अप्रेंटिसशिप और रोजगार तक स्पष्ट मार्ग बनाया जाना चाहिए। उन्होंने उद्योगों से आईटीआई के विकास और संचालन में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास बड़ा बाजार, विशाल युवा शक्ति और दक्ष मानव संसाधन है। सरकार उद्योग जगत की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम-सेतु के तहत प्रदेश में 8 क्लस्टर और 32 आईटीआई चिन्हित किए गए हैं, जिनमें 7 क्लस्टर उद्योग सहयोग के लिए खुले हैं। सम्मेलन में रक्षा, एयरोस्पेस, इलेक्ट्रॉनिक्स, ड्रोन, रोबोटिक्स और प्रिसिजन इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में कुशल तकनीशियनों की बढ़ती मांग पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में युवाओं को सशस्त्र बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के लिए तैयार करने हेतु NSDC और लखनऊ छावनी बोर्ड के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके तहत शौर्य अकादमी स्थापित की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts