मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 (पीईटी) को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ निगरानी और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए। अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
परीक्षा की दो पालियों के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी सूरज कुमार राय ने चौधरी छोटूराम कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, डीएवी डिग्री कॉलेज और पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता एवं मुस्तैदी को परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। इसके साथ ही स्ट्रांगरूम का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जाए और सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को अभ्यर्थियों की नियमानुसार चेकिंग एवं फ्रिस्किंग करने तथा निर्धारित नियमों के अनुसार ही प्रवेश देने के निर्देश दिए गए। कक्ष निरीक्षकों और अन्य कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के साथ आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ रोकने, यातायात सुचारू रखने और अभ्यर्थियों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।















