दून वैली स्कूल के विद्यार्थियों ने अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताओं में जीते 10 पदक.

मुजफ्फरनगर। दून वैली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने जी.डी. गोयंका श्री गोपीचंद स्कूल में आयोजित अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों ने टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा, मेहनत और कौशल का परिचय देते हुए विभिन्न स्थान प्राप्त किए।

टेबल टेनिस प्रतियोगिता में मौलिक अरोड़ा ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए पी.आर. पब्लिक स्कूल और अटल स्कूल के प्रतिभागियों को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं हितांश मोंगिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। कैरम प्रतियोगिता में काव्यांश और असद की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और एकाग्रता का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

शतरंज प्रतियोगिता में भी दून वैली के विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता और रणनीतिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। इसमें सेजल तायल, दिव्यांशी गर्ग और नित्य ने रजत पदक हासिल किए, जबकि प्रियांश, वेदांश और कृष्णा वर्मा ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में कक्षा एक के विद्यार्थी आरवी सांगवान और कक्षा दो की छात्रा अदृता ने आकर्षक प्रस्तुतियों से निर्णायकों और दर्शकों का ध्यान खींचा। दोनों ने कड़े मुकाबले में तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने प्रसन्नता व्यक्त की। प्रबंधक अनुराग सिंघल ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उपप्रधानाचार्या ईवा गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने में मुख्य कोच गौरव सांगवान और आयुषी तोमर के योगदान एवं मार्गदर्शन की विशेष सराहना की। विद्यालय परिवार ने सभी विजेताओं और प्रशिक्षकों को बधाई दी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts