दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई है। सोमवार को हुई बारिश के बाद लगातार दूसरे दिन जारी बरसात से तापमान भी नरम हो गया है। हालांकि, सुबह के समय स्कूल-ऑफिस जाने वालों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
दिल्ली के कई इलाकों में हो सकती है तेज बारिश
आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी करते हुए दिल्ली के सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, न्यू दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली जिलों में बिजली एवं गरज के साथ तूफान, लगभग 60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं तथा भारी बारिश (15 मिमी प्रति घंटे से अधिक) की संभावना जताई है।प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पेड़ों या कमजोर संरचनाओं के नीचे आश्रय न लेने, सड़क व यातायात की स्थिति देखकर यात्रा करने, अनावश्यक यात्राओं से बचने आदि की हिदायत दी गई है।























































