मुजफ्फरनगर। तेजी से बढ़ रहे जीभ के कैंसर के एक जटिल मामले में मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, वैशाली के डॉक्टरों ने 44 वर्षीय मरीज की सफल सर्जरी की। मुजफ्फरनगर निवासी अमित कुमार की जीभ के बाईं ओर घाव हुआ था, जो महज तीन सप्ताह में तेजी से बढ़कर करीब 3×3 सेंटीमीटर का हो गया। जांच में जीभ के आगे-बाईं ओर अल्सरयुक्त ट्यूमर के साथ गर्दन में कई लिम्फ नोड्स भी सूजे मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मरीज ने मैक्स हॉस्पिटल वैशाली में उपचार कराया। मैक्स इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर केयर के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रिंसिपल कंसल्टेंट डॉ. चिराग जैन ने बताया कि तेजी से बढ़ते कार्सिनोमा और गर्दन के लिम्फ नोड्स को देखते हुए तत्काल सर्जिकल उपचार जरूरी था। डॉक्टरों की टीम ने लेफ्ट पार्शियल ग्लोसेक्टॉमी और लेफ्ट मॉडिफाइड रेडिकल नेक डिसेक्शन किया। इस दौरान जीभ के प्रभावित हिस्से के साथ गर्दन के उसी तरफ मौजूद लिम्फ नोड्स को भी हटाया गया।ट्यूमर को करीब एक सेंटीमीटर सुरक्षित मार्जिन के साथ निकाला गया। सर्जरी के दौरान ही टिश्यू सैंपल की जांच की गई, जिसमें सर्जिकल मार्जिन पर कैंसर कोशिकाएं नहीं मिलीं। डॉक्टर के अनुसार, गर्दन में मौजूद लिम्फ नोड्स करीब एक सेंटीमीटर आकार के थे और उन्हें भी उपचार के तहत हटाया गया।
सर्जरी के बाद मरीज की हालत में तेजी से सुधार हुआ। अस्पताल में छह दिन भर्ती रहने के बाद उन्हें स्थिर स्थिति में छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने नियमित फॉलोअप की सलाह दी है। विशेषज्ञों ने कहा कि मुंह या जीभ में तेजी से बढ़ने वाले किसी भी घाव, छाले या गांठ की समय पर जांच कराना बेहद जरूरी है। शुरुआती जांच और विशेषज्ञ उपचार से बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण की संभावना बढ़ती है।















