मुजफ्फरनगर। इनर व्हील क्लब ऑफ मुजफ्फरनगर चैंबर द्वारा मंगलवार को सनातन धर्म डिग्री कॉलेज में अपोलो डायग्नोस्टिक्स के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कॉलेज की छात्राओं, स्टाफ और समाज के विभिन्न वर्गों के कुल 155 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा और कोलेस्ट्रॉल की निःशुल्क जांच की गई।छात्राओं के स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता देते हुए हीमोग्लोबिन की जांच पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य रक्ताल्पता जैसी समस्या की समय रहते पहचान कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। शिविर में कॉलेज स्टाफ और अन्य लाभार्थियों को भी स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
क्लब अध्यक्ष श्वेता गोयल ने कहा कि छात्राओं के लिए पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना भी जरूरी है। हीमोग्लोबिन की कमी, अनियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही से कम उम्र में ही कई समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। शिविर का उद्देश्य ऐसी समस्याओं की समय रहते पहचान करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर बेहतर भविष्य की नींव है और क्लब आगे भी जनसेवा तथा स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
शिविर के सफल आयोजन में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुधीर कुमार पुंडीर, प्रो. अलका बंसल और प्रो. रुचि अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। समापन पर प्रो. अलका बंसल और अपोलो डायग्नोस्टिक्स के फ्रैंचाइजी अक्षत जैन को सहयोग के लिए प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष श्वेता गोयल, सचिव निधि शर्मा, आईएसओ नीशा सिंगल, कोषाध्यक्ष अंजू जलौत्रा, एडिटर चेतना सेठी, शशि सोबती, पूनम गुप्ता, मधु गोयल, मधु भार्गव, अंजली गुप्ता, आँचल पंत, भारती सहानी सहित अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं।















