डीएवी कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्र प्रदर्शनी का आयोजन

मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री के जनसेवा से देशसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर डीएवी कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्र प्रदर्शनी आयोजित की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री की ओर से जनसेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में महापुरुषों का सम्मान, जनकल्याणकारी योजनाएं, कौशल विकास, युवा सशक्तिकरण, किसान कल्याण, विरासत और विकास, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना सहित विभिन्न योजनाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदर्शनी में देशसेवा के क्षेत्र में किए गए विभिन्न कार्यों की झलक देखने को मिली। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन में बदलाव लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सुधीर सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में एक ओर देश की संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने पर जोर दिया गया है, वहीं दूसरी ओर तकनीक और विकास के क्षेत्र में भी देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

उन्होंने बताया कि आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने, पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने जनपदवासियों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने और सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर पात्र लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक और छात्र उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts