मुजफ्फरनगर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत डीएवी इंटर कॉलेज के प्रांगण में भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, उपलब्धियों और विकास कार्यों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार शर्मा, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं अन्य गणमान्य लोगों ने अवलोकन किया। इस दौरान प्रदर्शनी में प्रदर्शित योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई।
चित्र प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आकर्षक चित्रों एवं सूचनाओं के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शित की गई है। प्रदर्शनी में महापुरुषों का सम्मान, योजनाओं से जन कल्याण, कौशल युवा-सक्षम प्रदेश, उन्नत किसान-समृद्ध प्रदेश, नया भारत-नया उत्तर प्रदेश तथा विरासत का मान-विकास का अभिमान जैसे विषयों को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इन योजनाओं के उद्देश्य और आमजन को मिलने वाले लाभों को भी सरल तरीके से प्रदर्शित किया गया है।
प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार शर्मा एवं अन्य लोगों ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना जनमानस के लिए उपयोगी पहल है। इससे लोगों को योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और पात्र होने पर उनका लाभ लेने में सुविधा होगी। उन्होंने जनपदवासियों से डीएवी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की।















