टूटते परिवारों को पुलिस ने फिर से जोड़ा.

बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप चल रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बांदा पुलिस ने एक मिसाल पेश की है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर उन परिवारों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने पुलिस के समझाने पर अपने पारिवारिक विवादों को सुलह-समझौते से खत्म कर लिया। मिशन शक्ति केंद्र और परिवार परामर्श केंद्र पर अक्सर पति-पत्नी, सास-बहू और जमीनी विवाद के मामले आते हैं। बांदा पुलिस ने इन मामलों में मुकदमा दर्ज करने के बजाय दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर, उनकी बात गंभीरता से सुनकर, आपसी संवाद से समाधान निकाला। इस पहल से कई परिवार टूटने से बच गए। जिन परिवारों ने समझदारी दिखाई, उन्हें आज सभी थानों पर बुलाकर एसपी बांदा की तरफ से सम्मानित किया गया।

पुलिस ने उनके अनुभव भी सुने ताकि परामर्श की प्रक्रिया को और बेहतर बनाया जा सके। साथ ही महिलाओं को जागरूक किया गया कि किसी भी तरह की समस्या या उत्पीड़न होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्हें महिला हेल्पलाइन 1090, 112, 181 जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य सिर्फ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि परिवारों को जोड़ना है। हर छोटा विवाद थाने-कचहरी तक न पहुंचे, इसका हम प्रयास कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि परिवारों में प्रेम, विश्वास और सामंजस्य बना रहे। बांदा पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जो परिवार आपसी सहमति से विवाद सुलझा रहे हैं, वो समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश हैं। ऐसे परिवारों को सम्मानित करना हमारा कर्तव्य है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts