जेम पोर्टल के प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों और व्यापारियों को दी जाएगी जानकारी.

मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जनपद के समस्त आहरण एवं वितरण अधिकारियों, जिला स्तरीय अधिकारियों, उद्यमियों, व्यापारिक संगठनों तथा अग्रणी जिला प्रबंधकों को जेम पोर्टल के प्रशिक्षण कार्यक्रम में समय से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे मेरठ रोड स्थित औद्योगिक आस्थान के फेडरेशन सभागार में आयोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा सरकारी खरीद प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से ई-प्रोक्योरमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) पोर्टल विकसित किया गया है। यह पोर्टल gem.gov.in पर उपलब्ध है। इसके माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थानों द्वारा आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की खरीद की जाती है। जेम पोर्टल के उपयोग से सरकारी खरीद प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने के साथ ही खरीद संबंधी कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।

आयुक्त एवं निदेशक उद्योग तथा राज्य जेम प्रकोष्ठ, लखनऊ की ओर से जारी पत्र संख्या 142, दिनांक 22 जुलाई 2026 के संदर्भ में जनपद में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदारी करने वाले अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों को पोर्टल में समय-समय पर होने वाले बदलावों की जानकारी देना तथा इसके इस्तेमाल के दौरान आने वाली समस्याओं का समाधान करना है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों, उद्यमियों और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें। प्रशिक्षण के दौरान जेम पोर्टल की कार्यप्रणाली, नए बदलावों और इसके उपयोग में आने वाली कठिनाइयों के निवारण से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। प्रशासन का उद्देश्य संबंधित लोगों को पोर्टल के प्रभावी उपयोग के लिए जागरूक और सक्षम बनाना है, ताकि सरकारी खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts