जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन सख्त,

मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 के सफल, पारदर्शी और त्रुटिरहित संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह की अध्यक्षता में समस्त चार्ज अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के द्वितीय चरण के तहत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित प्रथम शिफ्ट का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों, मास्टर ट्रेनर्स और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रथम शिफ्ट की सफलता सभी के सामूहिक प्रयास और जिम्मेदारी से कार्य करने का परिणाम है।

उन्होंने बताया कि आगामी प्रशिक्षण सत्र 04 से 06 नवंबर तथा 12 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दी जाएंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी चार्ज अधिकारी और मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक विषय का बिंदुवार और व्यावहारिक अभ्यास कराएं।

अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से डिजिटल जनगणना पर जोर देते हुए कहा कि इस बार जनगणना आधुनिक तकनीक के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी। इसलिए सभी प्रगणकों को जनगणना मोबाइल ऐप के संचालन, ऑफलाइन डेटा एंट्री और डेटा सिंकिंग की प्रक्रिया का लाइव डेमो कराया जाए, ताकि क्षेत्र में कार्य करते समय तकनीकी परेशानी न हो।

उन्होंने मुख्य मास्टर ट्रेनर्स विक्रांत तालियान, गौरव शर्मा, जितेंद्र सिंह एवं रविकांत को अपनी-अपनी तहसीलों और स्थानीय निकायों में प्रशिक्षण स्थलों पर उपस्थित रहकर निगरानी करने तथा तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। अंत में उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts