कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सौरभ दास को दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक, सौरभ अपने कुछ साथियों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें रोक लिया।उनके साथ पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया है।
बताया जा रहा है कि सौरभ दास, आशुतोष रांका और CJP के कुछ अन्य लोग जंतर-मंतर के पास JDU दफ्तर के परिसर की तरफ से अंदर आए। इसके बाद वे गेट से कूदकर जंतर-मंतर के एक हिस्से में पहुंच गए। वहां मौजूद दिल्ली पुलिस ने सभी को तुरंत हिरासत में ले लिया। इस मामले में पुलिस की तरफ से एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है। आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है। इसमें ‘भारत माता की जय’ के नारे लग रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है।
10 अक्टूबर को भी हुई थी कार्रवाई
गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को भी CJP के नेताओं अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था। वे ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन करने वाले थे, लेकिन पुलिस ने तीनों को विमान से ही हिरासत में ले लिया। इसके बाद एहतियातन उनकी गिरफ्तारी भी की गई थी। रविवार को तीनों नेताओं को एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। रिहाई इस शर्त पर हुई थी कि वे एक साल तक शांति भंग करने वाला कोई काम नहीं करेंगे और अपना व्यवहार अच्छा बनाए रखेंगे।
जंतर-मंतर पर अब नहीं होगा प्रदर्शन
दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार के 11 अक्टूबर के स्थायी आदेश के तहत अब जंतर-मंतर पर किसी भी तरह का प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा। इसकी जगह रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को विरोध-प्रदर्शन के लिए नए स्थान के रूप में तय किया गया है।















