मुजफ्फरनगर। विकास भवन में जीएसटी सुधारों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में विभिन्न व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना की। उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार व्यापारियों एवं उद्यमियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए कर व्यवस्था को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी सुधारों का उद्देश्य कर प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना, प्रक्रियागत जटिलताओं को कम करना और छोटे व मध्यम कारोबारियों को राहत देना है। इससे व्यापारियों का समय और संसाधन बचेंगे तथा कारोबार के विस्तार को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि छोटे एवं मध्यम उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। व्यापार को आसान बनाने से निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
प्रेस वार्ता में लघु उद्योग भारती, आईआईए और फेडरेशन सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने जीएसटी व्यवस्था में सुधारों का स्वागत किया। इस दौरान पंजीकरण एवं रिटर्न प्रक्रिया के सरलीकरण, विलंब शुल्क में राहत, रिफंड प्रक्रिया को आसान बनाने, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार और इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़ी विसंगतियों को कम करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा कुछ वस्तुओं और सेवाओं पर कर प्रावधानों तथा कृषि एवं परिवहन क्षेत्र को राहत देने वाले उपायों की जानकारी भी साझा की गई।
व्यापारिक प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर राजेश जैन, भीमसेन कंसल, संजय मित्तल, अंकित सिंघल, अशोक कंसल, जगमोहन गोयल, मयंक मित्तल, राहुल बंसल, नरेंद्र गोयल, देवराज, कृष्ण गोपाल मित्तल, पंकज मित्तल, शलभ गुप्ता और राकेश त्यागी सहित अनेक व्यापारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।















