चरथावल में युवा नीति संवाद, 500 से अधिक युवाओं ने रखीं अपेक्षाएं.

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के विकास में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनकी समस्याओं को शासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हाउस ऑफ पॉलिटिकल एंपावरमेंट रिसर्च एंड इनोवेशन फाउंडेशन (होप) की ओर से चरथावल स्थित नालंदा पब्लिक स्कूल में युवा नीति संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले और क्षेत्र के 500 से अधिक युवाओं ने भाग लेकर शिक्षा, रोजगार, खेल, कौशल विकास, तकनीक और अपराध मुक्त वातावरण जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में होप के संस्थापक एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. दिग्विजय सिंह ने कहा कि युवा राज्य और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं की आकांक्षाओं को समझकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने सरकारी योजनाओं के प्रति युवाओं के संतोष की सराहना की। प्रमुख समाजसेवी विचित्र त्यागी ने कहा कि युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानकर प्रदेश और देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

उन्हें केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहकर रोजगार देने वाला बनने का लक्ष्य रखना चाहिए। समाजसेवी रवि बालियान ने कहा कि खेलों को प्रोत्साहन मिलने से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं और प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। एडवोकेट गोपालचंद शर्मा ने प्रस्तावित युवा आयोग को युवाओं की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए डिजिटल माध्यमों का सदुपयोग करने की अपील की। समाजसेवी विपुल त्यागी ने कहा कि अपराध पर नियंत्रण और कानून का राज युवाओं के सुरक्षित भविष्य तथा विकास के लिए जरूरी है। डॉ. दिग्विजय सिंह ने बताया कि ग्रामीण युवाओं की समस्याओं और अपेक्षाओं को शासन तक पहुंचाने के लिए संस्था 15 से 20 अन्य कार्यक्रम आयोजित करेगी। संवाद में कक्षा 10 के छात्र आरव त्यागी ने युवा आयोग की आवश्यकता पर जोर दिया, जबकि देव धारीवाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts