बाँदा। थाना तिंदवारी क्षेत्र के एक गांव के मजरा में आधी रात को एक दरिंदे ने गरीब परिवार की इज्जत पर हाथ डालने की कोशिश की। आरोपी घर में घुसकर बरामदे में सो रही 18 वर्षीय युवती के साथ छेड़खानी करने लगा। युवती के चीखने पर पूरा परिवार जाग गया और आरोपी टी-शर्ट छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता की मां ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 22 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे उनकी 18 साल की बेटी घर के बरामदे में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी शुभम सिंह बुरी नीयत से घर में घुस आया और बेटी के साथ छेड़खानी करने लगा। नींद खुलते ही युवती डर से चीख पड़ी।
शोर सुनकर बगल के कमरे में सो रही मां जाग गई और आरोपी को पकड़ने दौड़ी। हाथापाई में आरोपी की टी-शर्ट मां के हाथ में आ गई और वह गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर अंधेरे में भाग गया। इस मामले में थाना प्रभारी तिंदवारी संदीप सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आधी रात की इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल है।















