गुरुग्राम वालों की होगी बल्ले-बल्ले, मानेसर और द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बनेंगे 3 सिटी बस डिपो

गुरुग्रामवासियों के लिए गुड न्यूज है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने दिल्ली-जयपुर हाईवे और द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास रिहायशी और व्यावसायिक इलाके को सिटी बस का लाभ देने की योजना पर काम शुरू कर दिया है।फिलहाल तीन बस डिपो बनाने की तैयारी है। जयपुर हाईवे स्थित गांव मानेसर में बस डिपो के लिए जमीन उपलब्ध करवाने के लिए मानेसर नगर निगम आयुक्त से जबकि द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-81 से 115 तक दो बस डिपो के निर्माण के लिए गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त से जमीन मांगी गई है।

मौजूदा समय में गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के पास सेक्टर-10ए और सेक्टर 52-53 में बस डिपो हैं। इनके बेड़े में 150 सीएनजी बस हैं। अगले कुछ महीनों में 100 इलेक्ट्रिक बसें आने की उम्मीद हैं। दोनों बस डिपो में अत्याधिक 300 बस खड़ी हो सकती हैं। सिटी बस संचालन को लेकर जीएमडीए के व्यापक गतिशीलता प्रबंधन योजना (सीएमएमपी) के तहत साल 2023 में 700 सिटी बस को चलाने की योजना थी, लेकिन यह योजना सिरे नहीं चढ़ सकी। ऐसे में अब जीएमडीए ने साल 2026 तक इस योजना के तहत बस चलाने की योजना बनाई है। योजना के मुताबिक साल 2031 तक 1025 बसों का संचालन जिला गुरुग्राम में किया जाएगा। इस योजना को सफल बनाने के लिए जीएमडीए ने नौ बस डिपो बनाने की योजना तैयार की है। तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त से आग्रह किया है कि द्वारका एक्सप्रेस वे स्थित सेक्टर 81 से 115 तक विकसित रिहायशी और व्यावसायिक एरिया तक सिटी बस चलाने के लिए दो बस डिपो की आवश्यकता है। बस डिपो के लिए सेक्टर 81 से 95 और 99 से 115 के बीच में जमीन उपलब्ध करवाई जाए। भूमि 6 से 10 एकड़ तक होनी चाहिए।

बस स्टॉप न होने से आर्थिक नुकसान : गुरुग्राम-मानेसर तक यात्रियों की संख्या अधिक है। ऐसे में 30 बसों को इस रूट पर लगाया हुआ है। ये रोजाना 240 चक्कर लगाती हैं। सुबह के समय यह बस मानेसर तक अधिकांश खाली चलती हैं। देर शाम को मानेसर से वापस गुरुग्राम की तरफ नाममात्र सवारियां बस में होती हैं। मानेसर में बस स्टॉप बनने से वित्तीय नुकसान नहीं होगा।

सेक्टर-48 में बस डिपो की डीपीआर जल्द तैयार होगी : जीएमडीए की योजना अगले छह महीने के अंदर सेक्टर-48 में बस डिपो विकसित करने की है। इस प्रक्रिया पर काम शुरू कर दी है। अगले एक महीने के अंदर बस डिपो के निर्माण की डीपीआर तैयार करने के लिए एक सलाहाकार नियुक्त किया जाएगा। फिलहाल इसका अभी कोई इस्तेमाल नहीं हो रहा है।

सेक्टर-65 में एचएसवीपी से जमीन मांगी गई

जीएमडीए ने सेक्टर-65 में करीब साढ़े पांच एकड़ जमीन में बस डिपो विकसित करने की योजना तैयार की है। यह जमीन बिजली सब स्टेशन के साथ लगती हुई है। जीएमडीए ने एचएसवीपी से जमीन उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। माना जा रहा है कि अगले एक से दो महीने के अंदर यह जमीन जीएमडीए को मिल जाएगी, जिसके पश्चात बस डिपो निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करवाई जाएगी।

-आरडी सिंघल, महाप्रबंधक, मोबिलिटी विंग, जीएमडीए, ”साल 2031 तक 1025 बस चलाने की योजना है। अगले दो से तीन साल के अंदर 700 बस चलाई जाएंगी। ऐसे में मानेसर और गुरुग्राम नगर निगम के आयुक्त से बस डिपो तैयार करने के लिए जमीन उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। सेक्टर-48 में बस डिपो की डीपीआर तैयार करने के लिए जल्द सलाहाकार नियुक्त किया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts